
उदित वाणी, रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज दो दिवसीय दौरे पर झारखंड आएँगी. उनका विमान बेंगलुरु से उड़ान भरकर शाम 4:30 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचेगा. एयरपोर्ट से वे सीधे राजभवन जाकर रात्रि विश्राम करेंगी.
सुरक्षा व्यवस्था
राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय व्यवस्था की गई है. उनकी सुरक्षा में 1000 पुलिसकर्मियों और 10 आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की गई है. 14 और 15 फरवरी को ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है. 14 फरवरी को राष्ट्रपति के एयरपोर्ट से राजभवन तक के मार्ग पर ट्रैफिक आधे से एक घंटे पहले रोका जाएगा. ट्रैफिक नियंत्रण के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है.
सुरक्षा में तैनात बल
राष्ट्रपति की सुरक्षा में रांची पुलिस के अलावा अर्द्धसैनिक बल और सेना के जवान भी तैनात रहेंगे. रांची पुलिस, रैपिड एक्शन पुलिस, जैप, इको, जिला बल की लाठी पार्टी तैनात रहेगी. ऊँची इमारतों से भी सुरक्षाकर्मी निगरानी में लगे रहेंगे. साथ ही, स्पेशल ब्रांच के पुलिसकर्मी सादे लिबास में विभिन्न इलाकों में तैनात रहेंगे.
बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (मेसरा) में कार्यक्रम
15 फरवरी को राष्ट्रपति मुर्मू बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (मेसरा) के प्लेटिनम जुबली समारोह की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. वे बीआईटी के ऑडिटोरियम में आयोजित रिसर्च एग्जिबिशन कम डिस्प्ले का उद्घाटन भी करेंगी. समारोह में भाग लेने के बाद, वे सीधे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी. दोपहर लगभग 12:45 बजे उनका विमान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगा.

