
उदित वाणी, पोटका : टांगराइन पंचायत के कार्डधारियों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जून, जुलाई और अगस्त माह के लंबित खाद्यान्न की अविलंब वितरण की मांग की है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर खाद्यान्न का वितरण नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे. तीन माह से राशन नहीं मिलने के चलते ग्रामीणों में भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है.
दुकानदार पर गंभीर आरोप
ज्ञापन में कहा गया है कि जन वितरण प्रणाली की दुकानदार ओशोवती खंडायत द्वारा खाद्यान्न का उठाव कर लिया गया, लेकिन कार्डधारियों को राशन नहीं मिला. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वितरण के दौरान उनसे 20 प्रतिशत राशन की कटौती की जाती थी और कंप्यूटर कांटा पर पत्थर व ईंट रखकर वजन में गड़बड़ी की जाती थी.
अधिकारियों पर पक्षपात का आरोप
ग्रामीणों ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) पर दुकानदार का बचाव करने का आरोप लगाया. जबकि एमओ की जांच रिपोर्ट में दुकान रद्द करने की अनुशंसा की गई थी, डीएसओ ने केवल निलंबन की कार्रवाई की और दुकान को अस्थायी रूप से सोना मुनि बेसरा की दुकान में टैग कर दिया. ग्रामीणों ने दोहराया कि भादो माह में वे बगैर राशन के नहीं रह सकते, अन्यथा इसकी जिम्मेदारी उपायुक्त की होगी.
ज्ञापन में ग्राम प्रधान मंगल पान, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य तथा विश्वनाथ मांझी, अग्रसेन भक्त समेत कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर शामिल हैं.

