
उदित वाणी, पोटका : पोटका थाना क्षेत्र के शाह स्पंज एंड पावर लिमिटेड में कार्यरत हाता निवासी देवेंद्र महाकुड़ के साथ साइबर ठगी की एक गंभीर घटना सामने आई है. उनका मोबाइल नंबर हैक कर साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से कुल 1.90 लाख रुपये निकाल लिए.
सिम बंद होने के बाद शुरू हुई साजिश
देवेंद्र ने बताया कि 28 जून को उनका जियो मोबाइल नंबर अचानक बंद हो गया. उन्होंने हल्दीपोखर स्थित जियो शोरूम में इसकी जानकारी दी, जहां उन्हें बताया गया कि उनके आधार कार्ड का अपडेट न होने के कारण सिम बंद हुआ है. इसके बाद उन्होंने गम्हरिया के एक साइबर कैफे में जाकर आधार अपडेट करवाया.
सात जुलाई को सिम चालू, और बैंक खाता खाली
आधार अपडेट के बाद 7 जुलाई को सिम तो चालू हो गया, लेकिन जब देवेंद्र ने भारतीय स्टेट बैंक की रायरंगपुर शाखा में अपने खाते की जांच की, तो उनके होश उड़ गए. उनके खाते से कुल 26 बार में 1.90 लाख रुपये की निकासी हो चुकी थी.
पोटका थाना में शिकायत, जांच का भरोसा
देवेंद्र महाकुड़ ने इस संबंध में पोटका थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू ने पीड़ित को जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

