
उदित वाणी, पोटका : शनिवार रात दक्षिण पोटका क्षेत्र में हुई लगातार बारिश ने भारी तबाही मचाई. तेज बहाव से दर्जनों घरों के साथ पुल-पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो गए. कई दोपहिया और चार पहिया वाहन भी बाढ़ के पानी में बह गए.
डॉक्टर की कार और स्कूटर बहे दरवाजे से
जामदा पंचायत के नदी ढीपा गांव निवासी डॉ. नकुल सरदार का स्कूटर और वैगनआर कार शनिवार रात घर के दरवाजे से ही बह गए थे. तेज बहाव के कारण दोनों वाहन अचानक लापता हो गए. स्कूटर की बरामदगी पहले ही हो चुकी थी, लेकिन कार का कुछ पता नहीं चल पा रहा था.
पांच किलोमीटर दूर मिला वाहन, बुरी तरह क्षतिग्रस्त
बारिश का पानी कम होने के बाद मंगलवार को कार की लोकेशन का पता चला. वाहन बड़ा भालकी गांव के पास जामदा नदी के किनारे एक नाले के पास मिला. तेज बहाव और रुकावटों के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है. कई हिस्से टूट चुके हैं और गाड़ी पूरी तरह से अनुपयोगी हो गई है.

