उदित वाणी, पोटका: समाजिक संस्था ‘युवा’ (यूथ यूनिटी फॉर वॉलंटरी एक्शन) और क्रिया, नई दिल्ली के संयुक्त प्रयास से पोटका प्रखंड की युवा लड़कियों ने जे आर डी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जमशेदपुर में क्रॉस लर्निंग विजिट किया. इस दौरान युवाओं की सचिव वर्णाली चक्रवर्ती ने इस विजिट के उद्देश्य को साझा करते हुए कहा कि इस अवसर का मुख्य उद्देश्य लड़कियों को यह समझाना था कि वे अपने प्रयासों से अपनी पहचान और पहुंच बना सकती हैं. हालांकि कई बार जेंडर, खेल और शारीरिक राजनीति के कारण उनका जीवन प्रभावित होता है, इसलिए लड़कियों को हमेशा आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त करने चाहिए और सार्वजनिक स्थानों पर अपनी भागीदारी को मजबूत करना चाहिए.
जमशेदपुर फुटबॉल क्लब का परिचय और अवसर
वर्णाली चक्रवर्ती ने जमशेदपुर फुटबॉल क्लब के महाप्रबंधक प्रशांत जी का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इन लड़कियों को यह मौका दिया. जमशेदपुर फुटबॉल क्लब के प्रवीण कुमार ने लड़कियों को खेल से जुड़ी कई जानकारी दी. उन्होंने बताया कि लड़कियां किस तरह खेलों में भाग ले सकती हैं और यहां की चुनाव प्रक्रिया क्या है. साथ ही, उन्होंने झारखंड की महिला खिलाड़ियों के नेतृत्व और उनके खेल में सफलता की यात्रा पर भी विस्तार से चर्चा की, जिससे लड़कियों को प्रेरणा मिली.
लड़कियों में उत्साह और नए विचारों का जन्म
क्रॉस लर्निंग विजिट से लड़कियां काफी उत्साहित दिखीं, और उनमें से कई पहली बार इस तरह के कार्यक्रम में भाग ले रही थीं. उन्होंने यह भी कहा कि वे खेल के माध्यम से जेंडर और पितृसत्तात्मक सोच को चुनौती देंगी और अपनी पहचान बनाएंगी. इस विजिट ने उन्हें एक नई दिशा दी और उन्होंने खेल को एक सशक्त माध्यम के रूप में अपनाने का संकल्प लिया. इस कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा के सदस्य अंजना देवगम, चांदमनी सवैया, अवंती सरदार, जसंती सरदार और रतन ने अहम योगदान दिया.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।