
उदित वाणी, पोटका : भारत सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण और उपभोक्ता मामले मंत्रालय के संयुक्त सचिव रविशंकर के नेतृत्व में केंद्रीय टीम ने शुक्रवार को पोटका प्रखंड के कालिकापुर पंचायत में स्थित जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान का निरीक्षण किया. यह दुकान उमा गुप्ता के द्वारा चलायी जा रही थी.
खाद्यान्न के भंडारण और वितरण पर की गई जांच
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम ने दुकान में चावल और गेहूं के भंडारण की स्थिति का मूल्यांकन किया. टीम ने स्टॉक रजिस्टर और विभागीय अभिलेखों की भी जांच की. साथ ही, संयुक्त सचिव रविशंकर ने जून, जुलाई और अगस्त माह में वितरित राशन के बारे में दुकानदार से जानकारी ली. इसके बाद, टीम ने दुकान के गोदाम में उपलब्ध अनाज की गुणवत्ता का परीक्षण किया और दुकानदार से कार्डधारकों को चना दाल वितरित करने को कहा.
महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश और संदेश
निरीक्षण के दौरान रविशंकर ने दुकानदार को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए. उन्होंने कार्डधारकों से कहा कि सरकार द्वारा उन्हें गुणवत्तापूर्ण फोर्टीफाइड चावल दिया जा रहा है और इस चावल का वे नि:संकोच उपयोग करें. उन्होंने कार्डधारकों से अफवाहों में न पड़ने की सलाह भी दी.
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारी
निरीक्षण में जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी सलमान जफर खिजरी, प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी डा. अशोक कुमार और अन्य विभागीय कर्मचारी भी उपस्थित थे.

