
उदित वाणी, पोटका : पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर पश्चिम पंचायत में मंगलवार को अबुआ आवास योजना के तहत बने नए घरों का गृह प्रवेश कार्यक्रम गरिमामय तरीके से संपन्न हुआ.
इस अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार और उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने 40 लाभुकों को प्रतीकात्मक रूप से चाबियां और उपहार सौंपे. विधिवत फीता काटकर लाभुकों को उनके नवनिर्मित घरों में प्रवेश भी कराया गया. यह पहल राज्य सरकार द्वारा गरीब, जरूरतमंद और वंचित परिवारों को सुरक्षित, गरिमामय आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम है.
“ये सिर्फ ईंट-पत्थर का मकान नहीं, सम्मान की छत है” – विधायक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि अबुआ आवास योजना मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शी सोच का परिणाम है. इस योजना का उद्देश्य केवल पक्के मकान देना नहीं, बल्कि एक गरिमापूर्ण जीवन की नींव रखना है.
उन्होंने कहा कि आज जिन परिवारों को घर मिले हैं, वे सचमुच जरूरतमंद हैं. उन्हें सम्मान के साथ जीने का अवसर देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है.
“हर गरीब को मिलेगा पक्का घर” – उप विकास आयुक्त
उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने इसे राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य हर गरीब परिवार को सुरक्षित और स्थायी आवास देना है. उन्होंने निर्देश दिए कि बचे हुए आवासों का निर्माण प्राथमिकता से पूरा किया जाए, ताकि जल्द से जल्द सभी पात्र परिवारों का गृह प्रवेश सुनिश्चित हो सके.
“अब हम भी कह सकते हैं– हमारा अपना घर है!”
नए घर की चाबी मिलते ही लाभुकों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था. कई लाभुकों ने भावुक होते हुए कहा कि यह सपने के सच होने जैसा है. अब उन्हें बारिश, धूप और असुरक्षा की चिंता नहीं रह गई.
लाभुकों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया और उम्मीद जताई कि यह अभियान इसी तरह जिले के बाकी जरूरतमंद परिवारों तक भी पहुंचेगा.
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की भी रही उपस्थिति
इस कार्यक्रम में अंचलाधिकारी सुश्री निकिता बाला, पंचायत समिति सदस्य, ग्राम प्रधान, और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे. जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में हर पात्र व्यक्ति को आवास सुविधा देने की दिशा में लगातार काम जारी रहेगा.

