
उदित वाणी चांडिल: स्वच्छता अभियान की गूंज देशभर में सुनाई दे रही है, लेकिन चांडिल में स्थिति बिल्कुल उलट दिख रही है। कभी खूबसूरती और पिकनिक स्पॉट के लिए मशहूर रहा चांडिल आज गंदगी और अव्यवस्था की मार झेल रहा है। मुख्य बाजार क्षेत्र से गुजरने वाली सड़क के दोनों किनारों पर स्थित नालियां वर्षों से जाम पड़ी हैं। स्थिति यह है कि घरों और दुकानों का गंदा पानी नालियों में जाने के बजाय सीधे सड़क पर बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों का जीवन नारकीय बन गया है।
फल विक्रेता एमडी आलम बताते हैं कि नाली का दूषित पानी सड़क पर फैलने से स्कूल-कॉलेज के छात्र, पैदल यात्री और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फिसलन बढ़ने से कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। गंदगी के कारण मच्छर और बदबू से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ गई हैं, जिससे लोगों का बाजार आना भी मुश्किल हो गया है।
वहीं स्थानीय मुखिया मनोहर सिंह ने बताया कि पिछले दो वर्षों से फंड आवंटन न होने के कारण नाली की सफाई रुकी हुई थी। हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासनिक अड़चनें दूर कर ली गई हैं और फंड मिलते ही सफाई कार्य शुरू कराया जाएगा ताकि लोगों को राहत मिल सके। स्थानीय नागरिकों की मांग है कि प्रशासन तत्काल कार्रवाई कर नालियों की सफाई कराए, जिससे चांडिल की पहचान और खूबसूरती फिर से लौट सके।

