
उदितवाणी, पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र के बारियादा गांव स्थित बेलटांड़–रघुनाथपुर मुख्य सड़क पर बुधवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में उत्क्रमित मध्य विद्यालय बारियादा के सहायक शिक्षक श्रावण गोप (57 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए. वह विद्यालय से छुट्टी के बाद बाइक से घर लौट रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने ओवरटेक के दौरान उनकी बाइक को टक्कर मार दी.
सिर और चेहरे पर आई गंभीर चोट
टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि शिक्षक श्रावण गोप मौके पर ही सड़क पर गिर पड़े. उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं. स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें चिरुडीह स्थित एक नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज जारी है.
आरोपी युवक स्टंटबाजी और छेड़खानी में लिप्त!
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे को अंजाम देने वाले युवक बंगोई गांव के रहने वाले हैं. तीनों एक ही बाइक पर सवार थे और लापरवाही से वाहन चला रहे थे. बारियादा निवासी पूर्ण चंद्र महतो ने बताया कि ये युवक अक्सर दिघी भूला उच्च विद्यालय के पास स्कूल छुट्टी के समय पहुंचते हैं. वहां छात्राओं के साथ छेड़खानी, फब्तियां कसना और प्रेशर हॉर्न बजाते हुए बाइक स्टंट करना इनकी आदत बन चुकी है.
पुलिस ने की कार्रवाई, पर क्या होगा स्थायी समाधान?
घटना की सूचना पर बोड़ाम पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है. हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी युवकों को हिरासत में लिया गया है या नहीं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूली समय में ऐसी हरकतों पर सख्त निगरानी और कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो.

