
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा प्रखंड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां कुल 52 दुकानों में से 32 दुकानों को अगस्त माह का राशन अब तक नहीं मिला है, जिससे क्षेत्र के लाभुकों को भारी असुविधा हो रही है.
राशन न मिलने से परेशान दुकानदारों ने सौंपा ज्ञापन
इस गंभीर स्थिति को लेकर मंगलवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के जिला प्रवक्ता फनी भूषण महतो के नेतृत्व में कुछ पीडीएस दुकानदारों ने अंचल अधिकारी सह प्रभारी एमओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास से मुलाकात की. इस दौरान उन्हें ज्ञापन सौंपा गया और अविलंब राशन आवंटन की मांग की गई.
ज्ञापन में बताया गया कि राज्य सरकार ने जून, जुलाई और अगस्त माह का राशन समय से पूर्व ही आवंटित कर दिया था. जून और जुलाई का राशन वितरित भी हो चुका है. परंतु अगस्त माह का अनाज एजीएम और डोर डिलीवरी इंचार्ज द्वारा रोक दिया गया है.
मजदूरी बकाया, एफसीआई से नहीं हो रही सप्लाई
जब प्रभारी एमओ ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी सलमान जाफर से संपर्क किया, तो जानकारी मिली कि एफसीआई गोदाम में काम करने वाले मजदूरों की दस महीने की मजदूरी बकाया है. इसके विरोध में मजदूर हड़ताल पर चले गए हैं. इस कारण एफसीआई गोदाम से राशन की आपूर्ति बाधित हो गई है.
हालांकि अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि 16 जुलाई से एफसीआई गोदाम से प्रखंडों में चावल और गेहूं की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी. इसके बाद दुकानदारों को समय पर राशन उपलब्ध हो जाएगा.
महिला समूहों ने जताई चिंता
ज्ञापन सौंपने के दौरान जूही महिला समूह जाल्ला, मां संतोषी महिला समूह बनगोड़ा, मां दुर्गा महिला समूह चौरा, जन जागृति महिला समूह समेत कई अन्य महिला समूहों की अध्यक्ष और सचिव भी मौजूद थीं. उन्होंने भी राशन वितरण में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की और त्वरित समाधान की मांग की.

