
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा प्रखंड के धूसरा गांव में 25 दिनों के लंबे इंतजार के बाद सोमवार को विद्युत विभाग ने नया ट्रांसफॉर्मर लगाया. लेकिन राहत की यह उम्मीद कुछ ही मिनटों में धुएं में बदल गई.
आधे घंटे की रौशनी, फिर धुआं और अंधेरा
धूसरा गांव में 100 केवी का नया ट्रांसफॉर्मर लगते ही गांव में बिजली आपूर्ति शुरू हुई. लगभग आधे घंटे तक घरों में रौशनी बनी रही. लेकिन फिर अचानक ट्रांसफॉर्मर से धुआं उठने लगा और तेज आवाज के साथ बिजली फिर से गुल हो गई.
ग्रामीणों में आक्रोश, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद गांव के हरिहर सिंह, प्राणकृष्ट सिंह, दुर्गा प्रसाद सिंह बेदिया, कृष्णा तंतुबाई, सागर सिंह, संदीप मुर्मू, राकेश सिंह और हम्बीर ब्रह्मचारी ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की अनदेखी के कारण गांव लगातार अंधेरे में डूबा हुआ है.
मोबाइल चार्ज करने गांव से बाहर, किरासन भी नहीं
बिजली नहीं होने के कारण लोगों को मोबाइल चार्ज करने के लिए अन्य गांवों का रुख करना पड़ रहा है. वहीं, किरासन तेल की भी कमी है जिससे लालटेन तक जलाना मुश्किल हो गया है. सबसे ज्यादा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है.

