
उदित वाणी, पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत पगदा गांव के टुईलुडांगार टोला में रविवार की रात को लगातार बारिश के कारण अचानक एक कच्चा मकान ढह गया. इससे हजारों की संपत्ति का नुकसान हुआ है. इस संबंध में पगदा निवासी खिरोद चंद्र गोराई ने बताया कि घटना के वक्त गृह स्वामी मनसाराम हांसदा एवं उनकी पत्नी फूलमणि हांसदा घर पर नहीं थे, उन लोग एक शादी समारोह में शामिल होने घर से करीब 8 किमी दूर बाटालुका गांव गए थे. सोमवार को सुबह लौटने पर देखा कि मिट्टी एवं फूस का मकान पूरी तरह से जमींदोज हो चुका है.
इस संबंध में मनसाराम हांसदा ने बताया कि भले ही मकान धंसने से घर के अंदर रखे गए अनाज, कपड़े, अलमारी, पलंग एवं नकद राशि समेत करीब 50 हजार की संपत्ति का नुकसान हुआ है लेकिन भगवान की कृपा से वे बच गए. इस घटना के बाद वे बेघर हो गए हैं. उनके पास कोई दूसरा मकान नहीं है बल्कि एक एस्बेस्टस छत वाला छोटा सा मकान है जिसमें उनके माता पिता रहते हैं. उन्हें अभी तक किसी भी सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है. उनके दोनों बच्चे हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते हैं.
जबकि पटमदा के आगुईडांगरा गांव में सोमवार की सुबह एक टीना शेड का मकान धंसने से काफी नुकसान होने का अनुमान है. इस संबंध में पीड़ित भक्त प्रमाणिक ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ इसी झोपड़ी में चाय -पकौड़े की दुकान चलाकर गुजारा करते थे. पिछले कई दिनों की लगातार बारिश के कारण मिट्टी की दीवार कमजोर होने के बाद धंस गई. बताते हैं कि इसी मकान में वह रात को सोते भी थे. गनीमत है कि यह घटना सुबह में हुई.

