
उदित वाणी, पटमदा : बोड़ाम प्रखंड के रसिकनगर स्थित डीपीईपी प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को दोपहर करीब 1 बजे जर्जर भवन की छत से प्लास्टर गिरने से एक बड़ा हादसा टल गया. इस घटना में एक बच्ची घायल हो गई. उसके सिर और पैर में चोट आई है.

हादसा टलने से राहत
घटना के समय मिड डे मील के लिए बाकी बच्चे कमरे से बाहर निकल चुके थे. वरना कई और बच्चे इसकी चपेट में आ सकते थे. घायल छात्रा की पहचान गांव के शाहजहां अंसारी की बेटी जन्नतुन खातून (साढ़े पांच वर्ष) के रूप में हुई है.
स्थानीय प्रतिनिधि व अधिकारी पहुंचे
सूचना पाकर मुखिया प्रतिनिधि सनातन लाया मौके पर पहुंचे और बच्ची को अभिभावकों के साथ नजदीकी अस्पताल भेजवाया. बाद में उसे इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के बराबाजार सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट बताते हुए सीटी स्कैन कराने की सलाह दी है. पैर का एक्सरे जांच के बाद छोड़ दिया गया है.
मरम्मत की मांग और वैकल्पिक व्यवस्था
मुखिया प्रतिनिधि ने बताया कि घटना की जानकारी बीईईओ प्रभाकर कुमार और बीडीओ किकू महतो को दी गई है. उन्होंने भवन की मरम्मत कराने या नया भवन बनाने की मांग की है. बीईईओ ने भरोसा दिलाया है कि नए भवन के निर्माण तक नजदीकी रसिकनगर उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय में कक्षाएं चलाई जाएंगी. हालांकि वहां पहले से ही भवन की कमी है और एक भवन जर्जर स्थिति में है.

लंबे समय से जर्जर है स्कूल
शिक्षिका नसीमा खातून ने कहा कि यह स्कूल भवन लंबे समय से खराब हालत में है. कई बार आवेदन देने के बावजूद मरम्मत कार्य नहीं हो सका. पहले भी कई दफा प्लास्टर झड़ चुका है, लेकिन किसी को चोट नहीं लगी थी. लगातार बारिश की वजह से इस बार छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

