
उदित वाणी, पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र के चुनीडीह गांव में मंगलवार दोपहर लगभग 1 बजे खेत में काम कर रही महिला वज्रपात की चपेट में आ गई. मृतका की पहचान गांव निवासी निमाई सिंह की पत्नी गुणी सिंह सरदार के रूप में हुई. वह धान के खेत में खरपतवार की निराई–गुड़ाई कर रही थी, तभी अचानक बारिश के साथ गिरी बिजली सीधे उन पर आ गिरी.
अस्पताल ले जाने के दौरान बिगड़ी स्थिति
घटना के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. परिजनों ने तुरंत उन्हें वाहन की व्यवस्था कर दोपहर करीब 3 बजे एमजीएम अस्पताल डिमना पहुंचाया. वहां इलाज के दौरान शाम 4 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिवार में पसरा मातम
गुणी सिंह सरदार अपने पीछे 12 वर्षीय बेटे धीरेन सिंह और 8 वर्षीय बेटी नमिता सिंह को छोड़ गई हैं. पति निमाई सिंह ने बताया कि हादसे के समय पत्नी खेत में पूरी तरह व्यस्त थी और अचानक गिरी बिजली ने सब कुछ बदल दिया.
पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार
परिजनों ने जानकारी दी कि बुधवार को मृतका का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा.
