
उदित वाणी, पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत लावजोड़ा हाथीखेदा मंदिर से लौट रही एक तेज रफ्तार कार रविवार को बांकादा गांव के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. कार मुख्य सड़क से करीब 50 फीट दूर खेत में घुस गई और कई पलटी खाने के बाद चारों चक्के ऊपर की ओर हो गए.
कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन ओड़िशा निवासी और दो धालभूमगढ़ के रहने वाले थे. सभी लोग हाथीखेदा मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद घर लौट रहे थे. हादसा दोपहर साढ़े तीन बजे के करीब मंदिर से करीब तीन किलोमीटर दूर हुआ.
दुर्घटना में श्रीनिवास दंडपाट का एक हाथ टूट गया, जबकि एक अन्य युवक के सिर पर गंभीर चोट आई. बाकी तीन लोगों को हल्की चोटें आईं. बताया जाता है कि स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर फंसे घायलों को काफी मशक्कत के बाद कार से निकाला.
घायलों के साथ मौजूद लोगों ने जानकारी दी कि वे दो कारों से ओड़िशा से हाथीखेदा मंदिर आए थे. हादसे की सूचना पाकर दूसरी कार पर सवार लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
बोड़ाम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है.

