
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में एक बार फिर अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। मंगलवार शाम कीताडीह में आरजेडी नेता कन्हैया यादव के बेटे रवि यादव पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना शशि यादव के घर के सामने हुई, जहां रवि खड़ा था। बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से घात लगाकर हमला किया। बताया जा रहा है कि गोलियां रवि के मुंह में लगीं। हमले के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग डर से अपने घरों में दुबक गए।
सूत्रों के अनुसार, बाइक सवार दो-तीन हमलावर अचानक मौके पर पहुंचे और रवि को निशाना बनाकर गोलियां चला दीं। घटनास्थल पर चार खोखे बिखरे मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने बरामद किया है। गोली लगते ही रवि वहीं गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तुरंत उसे उठाया और सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस की सुरक्षा में टीएमएच अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल रवि की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह प्रभारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन जांच शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। हालांकि अभी तक अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है।
रवि यादव का नाम पिछले कुछ समय से विवादों में रहा है। वह कई मारपीट और हिंसक घटनाओं में शामिल रहा है। कुछ महीने पहले मनसा मंदिर के पास रिंकू खान के घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में वह जेल भी गया था। इसके अलावा बागबेड़ा और परसुडीह में कई झगड़ों में उसका नाम सामने आया। हाल ही में साकची गुरुद्वारा के सामने प्रॉपर्टी विवाद में हुए हिंसक झड़प के दौरान खुलेआम हथियार लहराते हुए रवि यादव का वीडियो वायरल हुआ था।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पुराने विवाद और आपसी रंजिश के कारण यह हमला हो सकता है। हालांकि अभी तक किसी भी पहलू पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
इस वारदात ने एक बार फिर परसुडीह इलाके में कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोग दहशत में हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि आए दिन हो रही फायरिंग की घटनाएं इस बात का सबूत हैं कि अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।

