
उदित वाणी, रांची : राज्य सरकार द्वारा ऐतिहासिक पलामू किले के संरक्षण, जीर्णोद्धार तथा बेतला क्षेत्र में 300 एकड़ भूमि में टाइगर सफारी का निर्माण कराया जाएगा. दोनों परियोजनाओं में लगभग 265 करोड रूपये खर्च किये जायेंगे और बर्ष 2027 तक दोनों परियोजनाओं को चालू करने का लक्ष्य निधाग्रित किया गया है. दोनों परियोजनाओ को धरातल पर उतारने के लिए शनिवार को पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर की उपस्थिति में अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में दोनों मंत्रियों के अतिरिक्त वन एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अबू बकर सिद्दीकी, पर्यटन सचिव मनोज कुमार, निदेशक संस्कृति आसिफ एकराम, झारखंड राज्य वन निगम के प्रबंध निदेशक वाई के दास एवं निदेशक पलामू व्याघ्र परियोजना एस आर नाटेश उपस्थित थे.
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के सरकारी आवास में आयोजित बैठक में ऐतिहासिक स्थल पलामू के नये एवं पुराने किले को पुरातात्विक धरोहर के रूप में संरक्षण देने के लिए जीर्णोद्धार करने पर व्यापक विचार विमर्श किया गया. जिसमें बेतला के समीप 300 एकड़ जमीन में टाइगर सफारी योजना के निर्माण पर गंभीर चर्चा की गई. वहीं बैठक के दौरान अधिकारियों द्वारा बताया गया कि राजा मेदिनीराय द्वारा निर्मित पलामू के नये व पुराने किले को पुरातात्विक धरोहर की मान्यता देते हुए उसका संरक्षण एवं विकास कार्यों से संबंधित किसी अनुभवी एवं दक्षताधारी कंसलटेंट से विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार कराया जाएगा. इसके बाद सक्षम प्राधिकार से तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करते हुए उसका पुनरीक्षण कराया जायेगा. दोनों पलामू किलों के संरक्षण व जीर्णोद्धार पर अनुमानित 40-50 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना बतायी गई.
विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बताया की पलामू के दोनों किलों के संरक्षण व जीर्णोद्धार कराने की घोषणा उन्होंने चालू वित्तीय बर्ष के बजट भाषण में भी किया है. वहीं दोनों मंत्रियों ने अधिकारियों से बेतला के समीप टाइगर सफारी के निर्माण कराने के मामले में अद्यतन प्रगति की जानकारी मांगी. इसपर मंत्री सोनू ने बताया कि बेतला के समीप टाइगर सफारी के निर्माण पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सहमति प्राप्त कर ली गई है. विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि पलामू टाइगर प्रोजेक्ट के अंतर्गत बेतला के समीप टाइगर सफारी योजना के लिए 300 एकड़ जमीन भी चिह्नित कर ली गई है. इसके निर्माण पर करीब 215 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है.
