
उदित वाणी, जमशेदपुर : नीमडीह थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब का बड़ा भंडार पकड़ा गया। पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर यह कार्रवाई दिनांक 23 जुलाई 2025 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई. नीमडीह थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम डाहुबेड़ा, टोला बनकाटी स्थित अमरेन्द्र सिंह सरदार के राशन दुकान पर छापामारी की गई.
छापामारी के दौरान दुकान से किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बियर (650 मि.ली.) के 18 बोतल, दिल से ब्रांड की शराब (600 मि.ली.) के 70 बोतल तथा किंग्स गोल्ड (750 मि.ली.) के 6 बोतल बरामद किए गए. बरामद शराब पर ‘पश्चिम बंगाल में बिक्री हेतु’ एवं ‘अरुणाचल प्रदेश में बिक्री हेतु’ अंकित था, जो कि झारखंड राज्य में अवैध रूप से बेचा जा रहा था। यह झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47 (क) एवं भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 274/275 के तहत दंडनीय अपराध है.
घटना के संबंध में नीमडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी अमरेन्द्र सिंह सरदार, उम्र लगभग 34 वर्ष, पिता स्वर्गीय सुफल सिंह सरदार, निवासी डाहुबेड़ा, टोला बनकाटी, थाना नीमडीह, जिला सरायकेला-खरसावां को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है.
जब्त शराब को विधिवत सील कर थाना लाया गया है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है कि यह शराब किन माध्यमों से झारखंड लाई गई थी और इसमें और कौन-कौन लोग संलिप्त हैं. नीमडीह थाना प्रभारी ने बताया कि शराब माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

