
उदित वाणी, रांची : केन्द्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरूवार को झारखंड में बेहतर राजमार्ग की सौगातों की बरसात कर दी. उन्होंने रांची व जमशेदपुर में फ्लैशचार्जिंग इलेक्ट्रिक बसें चलाने की घोषणा की है. इसके साथ ही गढ़वा में राजमार्ग व रांची में रातू रोड एलिवेटेड फलाईओवर का उध्दघाटन करते हुए केन्द्रीय मंत्री ने झारखंड में कई सड़क परियोजनओं का उध्दघाटन एवं शिलान्यास किया. इस अवसर पर उन्होंने कई नई सड़क परियोजनाओं की भी घोषणा की. उन्होंने कहा कि उनके सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय में रूपये की कमी नहीं है.
झारखंड में नई-पुरानी दो लाख करोड़ की सड़क परियोजनाओं पर काम शुरू किया गया है. गडकरी ने कहा कि नागपुर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में फ्लैशचार्जिंग बसें चलाने की शुरुआत की जा रही है. इसको लेकर टेंडर मंजूर कर लिया गया है. अगर बस का ट्रायल नागपुर में सफल होता है, तो उसके बाद झारखंड में भी रांची व जमशेदपुर में इस बस को चलाया जायेगा. उन्होंने बताया कि फ्लैशचार्जिंग बस में विमान जैसी सुविधायें होंगी. आरामदायक सीटें व बस में टीवी लगे होंगे. विमान जैसी सुविधाओं के बावजूद इसका किराया डीजल बस से 30 प्रतिशत कम होगा. एक बस में 135 लोगों के बैठने की जगह होगी. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रांची में 6000 करोड़ की लागत से आउटर रिंग रोड के लिए डीपीआर बनाने का निर्देश दिया गया है.
उन्होंने कहा कि झारखंड में अब तक 40 हजार करोड़ रूपये की सडक परियोजनाएं पूरी कर ली गई है और 70 हजार करोड़ रूप्ये की योजनाओं पर काम जारी है. जबकि 75 हजार करोड़ रूपये की योजनाएं पाइपलाइन में है. उन्होंने झारखंड से गुजरने वाले बड़े प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए समय सीमा भी तय कर दी है. उन्होंने कहा कि 36 हजार करोड़ की वाराणसी-रांची-कोलकाता ग्रीनफील्ड कॉरिडोर मार्च 2028 और 12800 करोड़ की रांची-वाराणसी इकोनॉमिक कॉरिडोर जनवरी 2028 तक पूरा कर लिया जायेगा.
जबकि 31700 करोड़ की दिल्ली-कोलकाता सिक्स लेन कॉरिडोर जून 2026 तक पूरे कर लिये जायेंगे. वहीं रांची-संबलपुर राजमार्ग पाइपलाइन में है. उन्होंने रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन किया. साथ ही 3800 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश से 9 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर 4.18 किमी लंबा है. इसे 558 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया है. वहीं उन्होंने गढ़वा में 1129.48 करोड़ की लागत से बने बाईपास रोड का उद्घाटन किया. छत्तीसगढ़ बॉर्डर से गुमला तक 32 किमी लंबी एनएच 43 फोरलेन सड़क का शिलान्यास किया. इसके निर्माण पर 1330 करोड़ रुपए की लागत आएगी.

