
उदित वाणी, रांची : मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने आज झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता अमर वीर शहीद निर्मल महतो जी की 75वीं जयंती के अवसर पर जेल मोड़, रांची स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की. मुख्यमंत्री ने इस दौरान शहीद निर्मल महतो जी के योगदान को नमन करते हुए कहा कि यह दिन झारखंडवासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड राज्य के आदिवासी-मूलवासी समुदाय के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाले वीर शहीद निर्मल महतो जी ने आंदोलन को नई दिशा दी. राज्य को अलग हुए 25 वर्ष हो चुके हैं और ऐसे वीर सपूतों की स्मृति हमारे लिए गौरव का विषय है. उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन में उनका अमूल्य योगदान रहा है और उनके विचारों से प्रेरणा लेकर राज्य निरंतर आगे बढ़ रहा है.
मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि जब निर्मल महतो जी ने अपने प्राणों की आहुति दी, तब वे युवा थे. आज राज्य का हर नौजवान उन्हें अपने मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत के रूप में देखता है. आने वाले समय में भी उनके आदर्शों को जीवित रखते हुए झारखंड के लोग राज्य की प्रगति और सम्मान हेतु निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे.

