
बैग की खरीदारी के बाद पैसा नहीं चुकाने व वादाखिलाफी का आरोप
उदित वाणी, जमशेदपुर: जुगसलाई चौक बाजार स्थित मेसर्स साउथ बिहार प्लास्टिक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशक व जानेमाने कारोबारी निर्मल काबरा व अभिषेक काबरा ने अजंता रेफ्रो स्टील व केमिकल प्राइवेट लिमिटेड के पवन धानुका, सरोज धानुका और साहिल धानुका पर चार लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए जुगसलाई थाने में मामला दर्ज कराया है.
सभी आरोपी बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस एरिया रोड नंबर तीन के रहने वाले हैं. निर्मल काबरा ने मामला दर्ज कराए जाने की पुष्टि की. जबकि अभिषेक काबरा ने कहा है कि आरोपियों ने बैग की आपूर्ति करने की मांग करते हुये लिखित कार्यादेश दिया था.
आरोपियों की ओर से आश्वासन दिया गया था कि माल के पहुंचने के एक माह के भीतर ही रकम चुकता कर दी जाएगी. लेकिन ऐसा नहीं किया गया. उनके द्वारा रुपये की मांग करने पर आरोपी बार-बार सिर्फ आश्वासन ही देते रहे.
अभिषेक के अनुसार इसके बाद आरोपियों को वकील के माध्यम 6 मई 2022 को नोटिस भेजा गया था. इस बीच सभी आरोपियों ने कहा था कि वे तीन माह के भीतर रकम को चुकता कर देंगे. ब्याज के साथ 4 लाख रुपये देने की बात हुई थी.
समय बीत जाने के बाद भी रकम नहीं देने पर अंतत: मामला दर्ज कराया गया है. अभिषेक का कहना है कि उनके पास इससे संबंधित सभी तरह के कागजात हैं.

