
उदित वाणी, जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के भुला गांव में एक युवती के साथ उसके ही पड़ोसी द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह हुई इस घटना ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि गांव के ही रामधन चित्रकार नामक युवक ने उसे अपने घर बुलाकर जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। जब युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की।
घटना के तुरंत बाद युवती किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी आपबीती बताई। बेटी की हालत सुनते ही परिजन सन्न रह गए और उन्होंने तत्काल बोड़ाम थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने गंभीरता को देखते हुए आरोपी रामधन चित्रकार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बोड़ाम थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा, साथ ही कोर्ट में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपी को शीघ्र ही गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
घटना के बाद से गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई ऐसी घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न कर सके। वहीं पीड़िता और उसके परिजन सदमे में हैं और प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने इस बात पर भी चिंता जताई है कि गांव जैसे शांत क्षेत्र में ऐसी घटनाएं अब आम होती जा रही हैं, जिसे रोकने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने होंगे।

