
उदित वाणी, रांची : राज्य सरकार कैप्टेन कूल महेन्द्र सिंह धोनी के माध्यम से खेल व पर्यटन के विकास को विस्तार देने की तैयारी में जुटी है. सरकार की ओर से इस दिशा में मजबूती के साथ ब्रांडिंग करने की योजना है. इसको लेकर शनिवार को खेलकूद, युवा कार्य एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात की और राज्य में खेल और पर्यटन की नई दिशा तय करने को लेकर चर्चा की. इस मुलाकात की तस्वीरें खुद विभागीय मंत्री सोनू ने सोशल मीडिया पर साझा की है. वहीं बताया गया कि महेंद्र सिंह धोनी को झारखंड टूरिज्म का ब्रांड एंबेसडर बनाया जा सकता है.
ताकि राज्य की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत हो सके. इसके अलावा खेल के क्षेत्र में भी माही की भागीदारी से झारखंड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके. लिहाजा मंत्री सुदिव्य कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज झारखंड के गौरव, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से मुलाक़ात हुई. इस दौरान राज्य में पर्यटन एवं खेल गतिविधियों के विकास को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई. मुझे पूर्ण विश्वास है कि झारखंड में खेल और पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में धोनी का सहयोग राज्य सरकार को प्राप्त होगा. उनकी बिशेषज्ञता और अनुभव निश्चित रूप से इन क्षेत्रों में विकास को गति प्रदान करेगा.

