
उदित वाणी, जमशेदपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के कुल 35 वार्डों में लगे स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइटों में से आधे से अधिक खराब पड़े हैं. जिससे स्थानीय लोगों को रात के समय आवागमन में भारी परेशानी हो रही है. अंधेरे की वजह से दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी रहती है.
विगत दो महीनों से विभिन्न इलाकों से नगर निगम कार्यालय में लाइट मरम्मत को लेकर आवेदन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. नगर निगम की ओर से बताया गया कि लगातार हो रही बारिश के कारण मरम्मत कार्य में देरी हो रही है. इससे आम लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट की शीघ्र मरम्मत और नई लाइट लगाने की मांग को लेकर बुधवार को आदित्यपुर सिटीजन फोरम के प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी विष्णुदेव गिरी के नेतृत्व में स्ट्रीट लाइट प्रभारी बाल किशोर दोराई से मुलाकात की. इस दौरान ननि प्रशासक को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया.
ज्ञापन में बताया गया कि लाइट नहीं जलने की वजह से स्थानीय लोगों को रात में चलने में असुविधा हो रही है. महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष परेशानी हो रही है. प्रतिनिधिमंडल ने जल्द से जल्द खराब लाइटों की मरम्मत कराने और आवश्यकता वाले इलाकों में नई स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है.
इस अवसर पर दीपक कुमार, चंद्र किशोर शर्मा, आर.एन. प्रसाद, सूरज कुमार, इंदु देवी, गीता देवी, अरुण सिंह आदि उपस्थित थे.

