
उदित वाणी, रांची : झामुमो के पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के खिलाफ गढ़वा सिविल कोर्ट में मानहानि की याचिका दायर की. अदालत ने पूर्व मंत्री की याचिका को स्वीकार करते हुए जल्द नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है. मंगलवार को गढ़वा के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में दायर परिवाद में मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय कौशल किशोर ठाकुर एक स्वतंत्रता सेनानी थे और उन्होंने आज़ादी की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाई थी. जबकि गढ़वा से भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने उनके पिता को झूठा स्वतंत्रता सेनानी बताते हुए सार्वजनिक रूप से अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया.
इस टिप्पणी को लेकर पहले विधायक को लीगल नोटिस भी भेजा गया था. लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने के बाद उन्हें न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाना पड़ा. उन्होंने इसे न सिर्फ व्यक्तिगत अपमान, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला भी बताया. पूर्व मंत्री के अधिवक्ता परेश कुमार तिवारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मानहानि की याचिका दायर की गई है. अदालत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुनः नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है.
