
उदित वाणी, रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिता शिबू सोरेन उर्फ गुरुजी बीते कई दिनों से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में इलाजरत हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
राष्ट्रपति से लेकर कई नेताओं ने जाना हाल
गुरुजी के स्वास्थ्य की खबर फैलते ही देश भर से नेताओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया। हाल के दिनों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, झारखंड और केंद्र सरकार के कई मंत्री, सांसद और वरिष्ठ नेता उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
बाबूलाल मरांडी ने भी दिखाया सौहार्द
इसी कड़ी में बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी भी सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे। उन्होंने गुरुजी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके परिजनों से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं।
राजनीतिक मतभेद, मानवीय संबंध
गौरतलब है कि शिबू सोरेन और बाबूलाल मरांडी की राजनीतिक राहें भले ही अलग रही हों, लेकिन इस मुलाकात ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि राजनीति से ऊपर भी इंसानियत और पारस्परिक सम्मान की भावना होती है। गुरुजी के स्वास्थ्य को लेकर झारखंड की जनता भी चिंतित है। राज्यभर में उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थनाएं हो रही हैं।

