
उदित वाणी, रांची : राज्य में मदिरापान करनेवालों के लिए बुरी खबर है. पहली जुलाई से दो-तीन दिनों तक अंग्रेजी शराब की दुकानें बंद रहेंगी. ज्ञात हो कि राज्य सरकार द्वारा शराब बिक्री को लेकर नई उत्पाद नीति गठित किया गया है. जिसके तहत राज्य में शराब दुकानें निजी व्यवसायियों द्वारा संचालित किये जाने का प्रावधान किया गया है. लेकिन नई उत्पाद नीति लागू करने में तकनीकी कारणों से अभी बिलंब है और एक जुलाई से उत्पाद विभाग द्वारा स्वयं शराब दुकानें संचालित करने का फैसला लिया गया है. परंतु बताया गया कि दुकानों के हस्तांतरण व स्टॉक बंद होने की वजह से खुदरा दुकानों से अंग्रेजी शराब की बिक्री कम से कम तीन दिनों तक प्रभावित रहने की संभावना है.
राज्य में खुदरा शराब बिक्री के लिए कुल 1453 दुकानें हैं और वर्तमान नीति के तहत प्लेसमेंट एजेंसियों को 30 जून तक ही खुदरा शराब दुकानों से शराब बेचने की अनुमति है. जिसकी मियाद सोमवार को खत्म हो गई है और कारोबार के हस्तांतरण के कारण अगले कुछ दिनों तक दुकानें बंद रह सकती है. बताया गया कि स्टॉक के हस्तांतरण में वक्त लगेगा. इसलिए अगले कुछ दिनों तक शराब की दुकानें बंद रहेंगी.

