
उदित वाणी, रांची : एसटी में शामिल करने की मांग को लेकर कुडमी समुदाय द्वारा 20 मई से रेल टेका, डहर रोका कार्यक्रम आयोजित किया गया है. कार्यक्रम को लेकर डीजीपी अनुराग गुप्ता ने पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय बैठक की और मुख्यालय स्थित सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों के एसपी के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. बैठक में आरपीएफ रेलवे के वरीय अधिकारियों और वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ आंदोलन से संबंधित सुरक्षा चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की गई.
डीजीपी ने सभी पुलिस अधीक्षकों को राज्यभर में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसवां, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, पलामू और दुमका समेत संवेदनशील रेलमार्गों और स्टेशनों पर बिशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. डीजीपी ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, बॉडी प्रोटेक्टर और हेलमेट जैसे सुरक्षा उपकरणों का उपयोग, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, एम्बुलेंस और दंगारोधी वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिया.
आंदोलन के दौरान चिन्हित नेताओं को डिटेन करने और रेलवे पुलिस, आरपीएफ-जीआरपी के साथ आपसी समन्वय मजबूत करने को कहा. उन्होंने जिलों के उपायुक्तों से भी मजिष्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति करने, भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेटिंग करने, ड्रोन से निगरानी और बलों के आवासन व भोजन की व्यवस्था करने को कहा. इसके अलावा उन्होंने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सातों दिन चौबीस घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय रखने का आदेश दिया. इस समीक्षा बैठक में आईजी रेल अमोल विनुकांत होमकर, आईजी बिशेष शाखा प्रभात कुमार, आईजी अभियान डा माईकलराज एस समेत रेलवे और पुलिस के वरीय अधिकारी शामिल हुए.

