
उदित वाणी, रांची : राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डा इरफान अंसारी के बेटे कृष अंसारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जिसमें वह चलती गाड़ी की सनरूफ से बाहर निकलकर वह रील बनाते नजर आ रहा है. अंसारी के इस हरकत को मोटर वाहन अधिनियम के तहत स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन बताया गया है. इस वीडियो को सबसे पहले खूरपेंच नामक एक ट्विटर अकाउंट से शेयर किया गया है. जिसमें मंत्री पुत्र के इस स्टंट को ट्रैफिक नियमों की अवहेलना बताते हुए कार्रवाई की मांग की गई है.
पोस्ट के साथ यह भी उल्लेख किया गया है कि आम नागरिक अगर ऐसा करे तो उस पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत एक हजार से 10 हजार रुपए तक जुर्माना या छह महीने की जेल हो सकती है. लोगों ने कृष के खिलाफ भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की गई है.
वहीं इस मामले में अब रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिला परिवहन पदाधिकारी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने और घटना की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा और कानून का पालन सभी नागरिकों के लिए समान है. चाहे व्यक्ति का राजनीतिक या सामाजिक प्रभाव कितना भी बड़ा क्यों न हो.
वहीं बिशेषज्ञों के अनुसार चलती गाड़ी में असुरक्षित व्यवहार केवल चालक और यात्रियों के लिए ही खतरा नहीं है. बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा करता है. मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ऐसे मामलों में जुर्माना और अन्य दंडनीय कार्रवाई करने का प्रावधान है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.

