
उदित वाणी, खूंटी : खूंटी पुलिस लगातार नक्सली और उग्रवादियों के सफाए में जुटी है. खूंटी के रनियां पुलिस ने इसी क्रम में रनियां थाना क्षेत्र के जिबिलोंग टोंगरी के पास से प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के दो हार्डकोर समेत चार उग्रवादियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार उग्रवादियों में हार्डकोर सदस्य ओझा पहान उर्फ बादल उर्फ भगत, जिबनुस आईंद उर्फ दढ़ियल, संतोष कोनगाड़ी और जेवियर कोनगाड़ी शामिल है.
पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, 5 गोली, एक मैगजीन, 2 मोबाइल, मोबाइल सिम, आधार कार्ड, संगठन का पर्चा समेत अन्य सामग्री बरामद किए हैं. खूंटी के पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली कि रनियां थाना अंतर्गत जिबिलोंग टोंगरी के पास पीएलएफआई उग्रवादी किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने के लिए एकत्रित हैं. इस सूचना के सत्यापन के बाद तोरपा एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में तोरपा अंचल पुलिस और रनियां थाना पुलिस की टीम बनाई गई और छापामारी अभियान चलाया गया.
छापामारी के क्रम में हार्डकोर समेत चारों सक्रिय उग्रवादियों को हथियार एवम अन्य सामग्रियों के साथ धर दबोचा गया. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार पीएलएफआई उग्रवादियों में ओझा पहान का तोरपा, जरियागढ़, कामडारा और बसिया थाना में कुल 10 मामला दर्ज है और जिबनूस आईंद का तोरपा, जरियागढ़ और कामडारा थाना में 7 मामला दर्ज है. जिसमें 17 सीएलए और आर्म्स एक्ट शामिल है. पूर्व में इसी उग्रवादी गिरोह का एक सक्रिय सदस्य गेंदे बारला उर्फ लादेन को जेल भेजा जा चुका है.
गिरफ्तार सभी उग्रवादी रनियां थाना अंतर्गत रायकेरा के पास सड़क निर्माण में लगी रोड रोलर में आग लगाने की घटना में शामिल थे. इनके विरुद्ध गुप्त सूचना मिली थी कि ये विद्यालय भवन निर्माण और लैंप्स गोदाम निर्माण में लगे ठेकेदार और व्यवसायियों से लेवी वसूलने की योजना हेतु रनियां थाना क्षेत्र के जिबिलोंग टोंगरी के समीप एकत्रित हैं और दहशत फैलाने और अप्रिय घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं.
छापामारी दल में तोरपा एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, तोरपा अंचल निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, रानियां थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल, अमरजीत सिंकू, टीनू कुमार, अशोक कुमार महतो, आरक्षी तालकेश्वर यादव, रिमियुस केरकेट्टा, आसियान जोजो, अनूप लकड़ा और तोकेन पिकेट के सशस्त्र बल शामिल थे.
