
उदित वाणी, रांची : झारखंड कर्मचारी चयन सेवा आयोग [जेएसएससी] द्वारा झारखंड महिला पर्यवेक्षिका प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का परिणाम जारी कर दिया गया. कुल 444 पदों के विरुद्ध 313 अभ्यर्थी ही सफल घोषित किए गए और बड़ी संख्या में पद रिक्त रह गया. हालांकि कई अभ्यर्थियों का परिणाम लंबित रखा गया है. जारी परिणाम में अनारक्षित श्रेणी के 187 पदों के विरूध्द 138, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के 42 पदों के विरूध्द 34, पिछड़ा वर्ग के 35 में से 19, अनुसूचित जनजाति के 101 पदों के विरूध्द 72, अनुसूचित जाति के 35 पदों के विरूध्द 22 व आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 44 पदों के विरूध्द 28 अभ्यर्थियों का चयन किया गया.
वहीं आयोग ने परीक्षा का परिणाम जारी करते हुए कहा कि श्वेता कुमारी एवं अन्य बनाम राज्य सरकार तथा सदृश्य अन्य मामले में झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा पारित होनेवाले अंतिम आदेश से परिणाम प्रभावित होगा. जबकि जेएसएससी द्वारा कहा गया कि अनिवार्य प्रमाण पत्रों की अनुपलब्धता व अस्पष्टता तथा बायोमेट्रिक मिलान नहीं होने के कारण कतिपय अभ्यर्थियों का परिणाम लंबित रखा गया है. अभ्यर्थियों द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले प्रमाण पत्रों व महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्राप्त किए जाने वाले मार्गदर्शन के आधार पर आयोग द्वारा बाद में परिणाम में संशोधन किया जा सकता है.

