
उदित वाणी, रांची : झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग [जेएसएससी] के माध्यम से आयोजित किये जानेवाले भर्ती परीक्षाओं में अब दो परीक्षाएं आयोजित की जायेगी. कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा जेएसएससी परीक्षाओं के लिए प्रारम्भिक व मुख्य परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. इसके लिए शीघ्र ही परीक्षा संचालन नियमावली में संशोधन कर प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष रखा जायेगा. ज्ञात हो कि पूर्व में राज्य सरकार द्वारा परीक्षा संचालन नियमावली-2015 में संशोधन करते हुए एक ही बार में परीक्षायें आयोजित करने का प्रावधान किया गया था और हाल के दिनों में कुछ बहालियों में एक ही बार परीक्षा ली गई थी. परंतु एक ही बार परीक्षायें आयोजित किये जाने से बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने जैसे आरोप लगते रहे. जिसके बाद अब राज्य सरकार द्वारा परीक्षा पैटर्न में ही बदलाव करने की तैयारी की गई है.

