
उदित वाणी, रांची : जेएसएससी संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा का रिजल्ट जारी कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए आदेश के बाद बड़ी संख्या में ढोल-नगाड़ों के साथ सैकड़ों अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय परिसर पहुंचकर जश्न मनाया आर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को बधाई देते हुए आभार जताया. अभ्यर्थियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों एवं निष्पक्ष जांच के कारण ही हमें न्याय मिला है.
वहीं मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा प्रकरण से जुड़े हर पहलू की पूरी निष्पक्षता के साथ जांच कराई गई. दोषियों पर कठोर कार्रवाई की गई. अदालत ने निष्पक्ष जांच और अभ्यर्थियों के ईमानदार प्रयास एवं भावनाओं को सम्मान देते हुए न्याय दिया है. उन्होंने कहा कि जेपीएससी द्वारा पिछले 18 बर्षों में सिविल सेवा की जितनी परीक्षाएं ली गई. उतनी परीक्षाएं हमारी सरकार ने पिछले 5 बर्षों में ही आयोजित की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर इरादे नेक हों तो हर चीजें बेहतर होती है. इसी का परिणाम है कि जेएसएससी की संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा के रिजल्ट और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ी सारी अड़चनें अब दूर हो चुकी है. हालांकि इसमें थोड़ा विलंब हुआ. नहीं तो राज्य सरकार की पहली बर्षगांठ पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ही चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र दे दिया जाता. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राज्य में कुछ ऐसे विरोधी तत्व हैं.
जो हर प्रतियोगिता परीक्षाओं को बाधित करने की साजिश रचते रहते हैं. जेएसएससी संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर भी उन्होंने षड्यंत्र रचने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि लेकिन हमारी सरकार युवाओं के साथ हर कदम पर पूरी मजबूती के साथ खड़ी है. हमारी स्पष्ट सोच है कि जब युवा खुश होंगे तभी हमारा राज्य खुशहाल होगा. यही वजह है कि तमाम चुनौतियों के बीच युवाओं का भविष्य संवारने का प्रयास निरंतर जारी है.

