
उदित वाणी, जमशेदपुर : झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की ऐतिहासिक उपलब्धि का साक्षी बनने का अवसर सोमवार को जमशेदपुर में देखने को मिला, जब सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी की चैंपियन ट्रॉफी को रांची से विशेष रूप से जेएससीए कार्यालय, जमशेदपुर लाया गया. इस मौके पर जेएससीए के सभी सदस्यों को ट्रॉफी के दर्शन के लिए आमंत्रित किया गया था.
कार्यक्रम के दौरान जेएससीए के सेक्रेट्री सौरभ तिवारी खुद ट्रॉफी को लेकर मंच पर पहुंचे. जैसे ही ट्रॉफी मंच पर रखी गई, पूरे कीनन स्टेडियम में तालियों की गूंज सुनाई दी. यह क्षण झारखंड क्रिकेट के लिए गौरव और गर्व से भरा रहा. मौके पर मौजूद खिलाड़ी, पदाधिकारी और सदस्य ट्रॉफी के साथ फोटो खिंचवाते नजर आए. युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला, जिन्होंने इस सफलता को अपने लिए प्रेरणा बताया.
इस अवसर पर जेएससीए के सेक्रेट्री सौरभ तिवारी ने कहा कि यह ट्रॉफी झारखंड क्रिकेट के लिए एक नई और अच्छी शुरुआत का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि पुरुष टीम की इस शानदार जीत के साथ-साथ झारखंड महिला अंडर-19 टीम ने भी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है, जो राज्य क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य की ओर इशारा करता है.
सौरभ तिवारी ने आगे कहा कि उनकी प्राथमिकता जमशेदपुर और पूरे झारखंड के क्रिकेट की छवि को बेहतर और मजबूत बनाना है. इसके लिए जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और निरंतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे.
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि यह चैंपियन ट्रॉफी झारखंड के सभी जिलों में लेकर जाए, ताकि वहां के स्थानीय खिलाड़ी भी इसे करीब से देख सकें और उनसे प्रेरणा लेकर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित हों.
कार्यक्रम के अंत में जेएससीए पदाधिकारियों ने इसे झारखंड क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक दिन बताया और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में राज्य की टीमें और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी.

