
उदित वाणी, रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित किये जानेवाले झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा [सीधी भर्ती] प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन भरने की तिथि अब 20 फरवरी शाम पांच बजे तक बढ़ा दी गई है. इससे पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 14 फरवरी निर्धारित थी. आयोग ने आवेदन की समय सीमा बढ़ाने की सूचना शनिवार को प्रकाशित कर दी है. इसके तहत ऑनलाइन आवेदन के बाद परीक्षा शुल्क का भुगतान 21 फरवरी शाम पांच बजे तक किया जा सकता है.
इधर आयोग ने झारखंड हाईकोर्ट द्वारा 12 फरवरी को पारित आदेश के आलोक में याचिकाकर्ताओं को आवेदन भरने के लिए एप्लीकेशन लिंक उनके ईमेल पर भेजने का निर्णय लिया है. याचिकाकर्ता उक्त लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भर सकेंगे. ज्ञात हो कि हाईकोर्ट ने 22 याचिकाकर्ताओं का आवेदन स्वीकार करने का आदेश दिया है. याचिका के माध्यम से किशोर कुमार मंडल एवं अन्य ने अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने की मांग की है.
वहीं बताया गया कि हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद राज्य सरकार द्वारा अन्य अभ्यर्थियों को भी उम्रसीमा में छूट देने संबंधी निर्णय लिया जा सकता है. यद्यपि चुनाव आचार संहिता की वजह से 20 फरवरी तक उमं्रसीमा में छूट संबंधी निर्णय लेने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग की मंजूरी लेना पड़ेगा.

