
उदित वाणी, जिलिंगगोड़ा (सरायकेला-खरसावां): झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ गुरुवार को उनके पैतृक गांव जिलिंगगोड़ा पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री ने वीर सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान उन्होंने ईश्वर से पुण्यात्मा की शांति और मोक्ष की कामना की। शोक की इस घड़ी में संजय सेठ ने श्री चंपई सोरेन और उनके परिवार के सदस्यों से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उन्होंने परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
गौरतलब है कि 19 वर्षीय वीर सोरेन का कुछ दिन पूर्व हिमाचल प्रदेश के मनाली प्रवास के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया था। वीर सोरेन, चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन के बड़े बेटे थे।
इस दुखद घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता लगातार जिलिंगगोड़ा पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढ़स बंधा रहे हैं।

