
गुलाबी एवं सफेद रंग के होंगे बैलेट पेपर
उदित वाणी, रांची : राज्य के शहरी निकायों के चुनाव इस बार बैलेट पेपर से कराने को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकारिक निर्णय ले लिया गया और आयोग द्वारा बैलेट पेपर की छपाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. बताया गया कि शहरी निकायों के चुनाव के लिए कुल 45 लाख बैलेट पेपर की छपाई करायी जायेगी. निकाय चुनाव में बैलेट पेपर अलग-अलग रंगों के होंगे. आयोग ने गुलाबी एवं सफेद रंग के बैलेट पेपर की छपाई का निर्णय लिया है.
अध्यक्ष व वार्ड सदस्यों के लिए अलग-अलग रंगों के बैलेट पेपर होंगे. मतदाता को मतदान के दौरान एक साथ दो बैलेट पेपर मिलेगें और अध्यक्ष एवं वार्ड सदस्यों के लिए अलग-अलग बैलेट बाक्स में डालने होंगे. वहीं आयोग की ओर से बैलेट बॉक्स के रंगरोगन तथा चुनाव के दौरान चुनाव पदाधिकारियों द्वारा प्रयोग किए जानेवाले बुकलेटों के प्रकाशन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. आयोग के निर्देश पर सभी जिलों में निकाय चुनाव की तैयारियां भी शुरू कर दी गई है.
इसके तहत वार्डों व मतदान केंद्रों का निर्धारण किया जा रहा है. आयोग के पास पर्याप्त बैलेट बॉक्स की संख्या पहले से ही उपलब्ध है. ज्ञात हो कि राज्य में पिछला नगर निकाय चुनाव ईवीएम से कराया गया था. लेकिन बताया गया कि इस बार राज्य निर्वाचन आयोग ने ईवीएम की अनुपलब्धता के कारण बैलेट पेपर से चुनाव कराने के लिए निर्णय लिया है. निकाय चुनाव के लिए जितनी संख्या में ईवीएम की जरूरत है. उतनी संख्या राज्य में उपलब्ध नहीं है.
ईवीएम के लिए झारखंड पूर्व से ही दूसरे राज्यों पर भी निर्भर था. परंतु इस बार पड़ोसी राज्यों से ईवीएम की उपलब्धता नहीं हो पायी. वर्तमान में जो ईवीएम उपलब्ध है. उसकी भी अवधि समाप्त हो चुकी है. राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा ईवीएम निर्माता कंपनियों से भी ईवीएम उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया था. लेकिन कंपनियों ने ईवीएम उपलब्ध कराने के लिए एक बर्ष का समय मांगा.

