
उदित वाणी, रांची : झारखंड सरकार के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार मुलाकात की और झारखंड में पर्यटन के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों और योजनाओं पर चर्चा की. इस दौरान रांची के बंद पड़े होटल अशोक को झारखंड सरकार को हस्तांतरित करने पर सैध्दांतिक सहमति बनी. गौरतलब है कि पर्यटन विकास निगम की इस होटल में झारखंड के अलावा बिहार व केन्द्र की भी हिस्सेदारी है.
वहीं बैठक के दौरान राज्य में ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने, विरासत स्थलों के संरक्षण और पर्यटन से जुड़े संस्थागत विकास पर गहन विचार विमर्श किया गया. मंत्री सोनू ने बताया कि केंद्रीय मंत्री से स्वदेश दर्शन 2-0 के तहत ईको टूरिज्म परियोजनायें चाण्डिल, नेतरहाट और तेनुघाट जैसे स्थलों को लेकर बिशेष चर्चा की गई. अन्य राज्यों की तर्ज़ पर झारखंड में भी आईआईटीएम मॉडल पर आधारित एक बिशेष पर्यटन संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया. जिससे युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिल सके.
उन्होंने बताया कि राज्य में पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय और राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन मेलों के आयोजन पर भी सहमति बनी. पुरातात्विक और विरासत स्थलों के संरक्षण व संवर्धन के लिए केंद्र सरकार से तकनीकी व वित्तीय सहयोग की मांग की गई.
