
उदित वाणी रांची : खाड़ी देशो में चल रहे युध्द को देखते हुए झारखंड पुलिस मुख्यालय बेहद सतर्क हो गया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी जिलों के एसएसपी-एसपी को पत्र भेजकर संभावित विधि व्यवस्था की समस्या पर बिशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
जारी निर्देश में यह भी बताया गया है कि युद्ध के कारण लोगों में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस को लेकर अफवाह के कारण भय का माहौल उत्पन्न होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। इसके अलावा त्यौहारों का भी मौसम है। पुलिस मुख्यालय द्वारा कहा गया कि ऐसी स्थिति में पेट्रोल डीजल एवं एलपीजी गैस की अनावश्यक जमाखोरी, कालाबाजारी पर आवश्यक निगरानी एवं गलत कार्य कर रहे लोगों पर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इसके अलावा रिटेलर्स, वितरक व वैध भंडार की सुरक्षा सुनिश्चत करने तथा पेट्रोलियम पदार्थ के परिवहन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने यह भी कहा है कि भ्रामक समाचार व अफवाह फैलाने वालों पर सतत निगरानी रखें व अफवाह फैलाने वालों पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करें।
एलपीजी खुदरा विक्रेताओं व गोदामों पर सीसीटीवी से निगरानी की व्यवस्था करें और उसकी निगरानी करें। विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 के तहत कार्रवाई करें और विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने पर प्रतिदिन थाना स्तर से डीजी कंट्रोल को सूचित करें।
जिला स्तर पर उपायुक्त एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर विधि व्यवस्था बनाए रखें। सभी जिले इंटरनेट मीडिया की विशेष निगरानी रखें और फर्जी खबर चलाने वालों पर तत्काल विधि सम्मत कार्रवाई करें। जिला स्तर पर प्रिंट व इलेक्ट्रानिक मीडिया कर्मी से संपर्क स्थापित कर फर्जी समाचार के प्रकाशन पर रोक लगाएं।
(झारखंड पेट्रोल डीजल अफवाह, पेट्रोल डीजल जमाखोरी झारखंड, झारखंड पुलिस अलर्ट पेट्रोल डीजल, पेट्रोल डीजल कालाबाजारी झारखंड, एलपीजी गैस अफवाह झारखंड, झारखंड पुलिस मुख्यालय निर्देश, पेट्रोल डीजल सप्लाई झारखंड, Jharkhand petrol diesel alert, Petrol diesel hoarding Jharkhand, LPG gas rumor Jharkhand, Petrol diesel hoarding Jamshedpur, झारखंड में पेट्रोल डीजल की स्थिति)

