
उदित वाणी, रांची : उपराष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में क्रॉस वोटिंग के मामले में झारखंड के भी एक राज्यसभा सदस्य को संदेह की नजर से देखा जा रहा है. ज्ञात हो कि इस चुनाव में लगभग 15 विपक्षी सांसदों ने क्रॉस वोटिंग की थी. बताया जा रहा है कि उनमें से झारखंड से भी एक राज्यसभा सदस्य ने एक भाजपा सांसद के प्रभाव में आकर अति महत्वाकांक्षा में उपराष्ट्रपति पद के विपक्षी उम्मीदवार को छोड़कर एनडीए के सीपी राधाकृष्णन के पक्ष में मतदान किया है.
उपराष्ट्रपति पद के मतदान के दौरान प्रतिनियुक्त कांग्रेस के एक पर्यवेक्षक के अनुसार गठबंधन में शामिल छोटे-छोटे सात-आठ राजनीतिक दलों ने इंडी गठबंधन के निर्णय के विपरीत वोट दिया है. लेकिन यह निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता है कि इसमें कौन व्यक्ति शामिल था. हालांकि पार्टी को इससे अवगत करा दिया गया है. इससे संबंधित आपत्ति भी प्रकट की जा सकती है. ऐसे में उक्त राज्यसभा सदस्य की मुसीबत बढ़ सकती है. बताया गया कि अतिमहत्वाकांक्षा में उक्त राज्यसभा सदस्य ने भाजपा से संपर्क बढ़ाया है.

