
उदित वाणी, रांची : झारखंड पुलिस में अब सिपाही ग्रुप के 50 पदों पर चतुर्थ श्रेणी ट्रेड से सीमित परीक्षा के माध्यम से प्रोन्नति दी जायेगी और शेष 50 प्रतिशत पदों पर उम्र और कार्य अनुभव के आधार पर पदोन्नति दिये जायेंगे. नव नियुक्त चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को भी इस प्रक्रिया के तहत सिपाही और हवलदार के पद पर प्रोन्नति हो पायेगी और वर्दी पहनने का अधिकार भी मिलेगा. आवेदन 23 जून से 9 जुलाई तक स्वीकार किए जाएंगे. नई व्यवस्था को लेकर झारखंड राज्य पुलिस ट्रेड संवर्ग नियमावली-2025 के तहत लागू की गई है. सीमित विभागीय परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी संबंधित जिला, इकाई व बटालियन में एसपी या समकक्ष पदाधिकारी के नाम से अपने हस्ताक्षर के साथ आवेदन करेंगे. आवेदन पत्र जमा करने के लिए 23 जून से 9 जुलाई दोपहर 12 बजे तक का समय दिया गया है. पुलिस विभाग के किसी भी विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी ट्रेड के कर्मी स्वेच्छा से इस परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन कर सकते हैं.
