
उदित वाणी, रांची : हेमंत सरकार शुक्रवार को प्रारम्भ होनेवाली झारखंड विधान सभा के मानसून सत्र के दौरान राज्य में अतिवृष्टि से किसानों को हो रही क्षति को लेकर चर्चा करायी जा सकती है और सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किया जा सकता है. जिसमें झारखंड विश्वविद्यालय विधेयक को लेकर सत्र के दौरान हंगामे के आसार है. वहीं सत्र के दौरान 4 अगस्त को वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर अनुपूरक बजट पेश करेंगे. मानसून सत्र के सुचारू पूर्वक संचालन को लेकर स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो ने विधानसभा के विधायक दल के नेताओं-प्रतिनिधियों के साथ अपने कार्यालय कक्ष में बैठक की और औपबंधिक कार्यदिवसों पर चर्चा की तथा नेताओं से सुझाव मांगे. बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी व वित सह संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर समेत अन्य दलों के नेता मौजूद थे.
कांग्रेस लायेगी एसआईआर के खिलाफ प्रस्ताव
मानसून सत्र के दौरान सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी विधानसभा में एसआईआर के खिलाफ प्रस्ताव लायेगी और जनता के मुद्दों को विधानसभा में जोरदार तरीके से उठाएगी. गुरूवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में यह निर्णय लिया गया. बैठक की अध्यक्षता विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने की. जबकि बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश व प्रदेश कांग्रेस प्रभारी डा सीरीबेला प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे.प्रदीप यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव आयोग द्वारा लागू की जा रही एसआईआर प्रणाली आम लोगों के मतदान अधिकार को छीनने की साजिश है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इसका झारखंड में भी पुरजोर विरोध करेगी.
