
उदित वाणी, रांची : राज्य में अंग्रेजी शराब की खुदरा दुकानों के ऑडिट का काम लगभग पूरा चुका है और उत्पाद विभाग द्वारा जल्द ही अपने स्तर से शराब की खुदरा दुकानें संचालित किये जाने की संभावना है. विभाग द्वारा राज्य में नयी उत्पाद नीति के तहत टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने तक खुद शराब बेची जायेगी. बताया गया कि नयी उत्पाद नीति से संबंधित टेंडर प्रक्रिया पूरी होने में लगभग डेढ़ से दो माह का समय लग सकता है. इस अवधि में शराब की खुदरा दुकानों को संचालित करने के लिए उत्पाद विभाग ने अपनी कार्य योजना को अंतिम रूप दे दिया है.
राज्य भर में संचालित लगभग 1466 खुदरा शराब दुकानों पर सहायक उत्पाद आयुक्त के स्तर से जिलों में पूरी जांच पड़ताल करने के बाद सेल्समैन की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जायेगी. उत्पाद विभाग द्वारा राज्य के सभी जिला उपायुक्तों को इससे संबंधित निर्देश दे दिया गया है. उत्पाद विभाग ने शराब की खुदरा दुकानों पर सुरक्षा मुहैया कराने के लिए उपायुक्तों को होमगार्ड के जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है. जिसमें कहा गया है कि उपलब्धता के आधार पर प्रत्येक देसी शराब की दुकानों में एक-एक और प्रत्येक विदेशी शराब दुकानों में तीन-तीन एवं कंपोजिट शराब दुकानों पर होमगार्ड के दो-दो जवान तैनात किये जांय.
