
उदित वाणी, रांची : राज्य में नई उत्पाद नीति लागू होने और शराब दुकानों की आवंटन प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही दूकाने दिलाने के नाम पर बिचौलिए सक्रिय हो गए. बिचौलिये शराब कारोबारियों को मनचाही दुकान दिलाने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलने के प्रयास कर रहे हैं. बिचौलिओं द्वारा लाटरी में मनचाही दुकान निकलवाने का दावा किया जा रहा है. इन बिचौलियों में कुछ तथाकथित यूट्यूबर भी शामिल हैं और अपनी पहुंच व पैरवी का हवाला देकर शराब कारोबारियों को अपने झांसे में ले रहे हैं. शराब कारोबारियों से उनकी मनचाही दुकान लाटरी में निकलवाने के एवज में पहले दो लाख रुपये प्रति दुकान की मांगा जा रहा है.
दुकान निकलने के बाद उक्त दुकानदार को पांच लाख रुपये और देने होंगे यानी कुल सात लाख रुपये देने होंगे. नई व्यवस्था के तहत पूरे राज्य में करीब 1600 खुदरा दुकानों का आवंटन किया जायेगा और उत्पाद विभाग द्वारा इसकी तैयारी शरू कर दी गई है. गौरतलब है कि राज्य में एक सितंबर से नई उत्पाद नीति के तहत निजी हाथों से शराब की खुदरा बिक्री शुरू किया जाना प्रस्तावित है. इसके लिए 26 जुलाई से आठ अगस्त तक पूरे राज्य में लाटरी से शराब दुकानों का आवंटन किया जायेगा. वहीं शराब व्यापारी संघ ने व्यवसायियों से बिचौलियों से बचने और प्रशासन से शिकायत करने की अपील की है.

