
उदित वाणी, रांची : राज्य सरकार के आग्रह पर केंद्र ने खरीफ फसल बीमा की तिथि 30 सितंबर तक बढ़ाने पर सहमति दे दी है. जिसके तहत अब पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम व सरायकेला-खरसवां समेत हजारीबाग, जामताड़ा, रामगढ़, लोहरदगा, खूंटी, रांची, सिमडेगा व गुमला के 11 जिलों में बिशेष अभियान चलाकर फसल बीमा किया जायेगा. इन जिलों के किसान अब 30 सितंबर तक फसल बीमा करा सकते हैं.
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के नोडल पदाधिकारी प्रकाश कुमार ने इससे संबंधित आदेश जारी किया है. झारखंड में चार कंपनियां फसल बीमा कर रही है. जिन जिलों में फसल बीमा की प्रगति धीमी है. वहां तेजी लाने का निर्देश दिया गया है. ज्ञात हो कि अब तक झारखंड में दो बार फसल बीमा की तिथि बढ़ चुकी है. पांच जिलों को छोड़ शेष जिले फसल बीमा के लक्ष्य से पीछे रह गये हैं. 60 फीसदी से कम लक्ष्य प्राप्त करने वाले जिलों के लिए यह बिशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है.
बताया गया है कि इस बर्ष राज्य में लगभग 18.81 लाख हेक्टेयर में धान और मक्का की फसल लगी है. इसके लिए 22 लाख 74 हजार 236 किसानों की फसल का बीमा कराने का लक्ष्य रखा गया था. जिनमें से अब तक 12 लाख 56 हजार 206 किसानों का ही बीमा कराया गया है. हालांकि अब मक्के की फसल की कटाई शुरू हो चुकी है.

