
उदित वाणी, रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग [जेपीएससी] द्वारा जून माह तक आयोजित किये जाने विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया गया है. जिसके तहत आयोग द्वारा परीक्षाओं की संभावित तिथियों की घोषणा कर दी गई है. अगली जेपीएसएसी संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 की संभावित तिथि आठ मार्च निर्धारित की गई है. आयोग के अनुसार इस परीक्षा का परिणाम अप्रैल माह में जारी हो सकता है और मुख्य परीक्षा दो से चार मई तक संभावित है तथा मई माह के अंतिम सप्ताह में इसका परिणाम जारी किया जा सकता है.
इसके बाद 16 से 19 जून तक साक्षात्कार आयोजित होने की संभावना है. यद्यपि अभी तक इस परीक्षा के लिए विज्ञापन प्रकाशित नहीं किया गया है. वहीं जेपीएससी द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार 29 मार्च को झारखंड पात्रता परीक्षा यजेटद्ध आयोजित जायेगी. इधर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों सीडीपीओं की नियुक्ति के लिए बुधवार से साक्षात्कार शुरू होगा. जो नौ जनवरी तक चलेगा. छठीं सीमित उपसमाहर्ता लिखित परीक्षा 10-11 जनवरी को आयोजित की जायेगी.
इसी तरह विश्वविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक बैकलाग नियुक्ति प्रतियोगिता के तहत सांख्यिकी, मैथिली और श्रम एवं समाज कल्याण बिषय के लिए 18 जनवरी को प्रमाणपत्रों का सत्यापन किया जायेगा. जबकि साक्षात्कार 19 जनवरी को होगा. वहीं जूलॉजी व अंग्रेजी बिषयों के सहायक प्राध्यापकों की नियमित नियुक्ति के लिए प्रमाणपत्रों की जांच 19 से 21 जनवरी तक किये जायेंगे. नियमित नियुक्ति के तहत ही हो एवं पंचपरगनिया बिषय के लिए प्रमाणपत्रों की जांच तथा साक्षात्कार 10 फरवरी को निर्धारित है. इसके साथ आयोग द्वारा कुल 28 प्रतियोगिता परीक्षाओं की संभावित तिथि की घोषणा की गई है.
जिसके तहत वन क्षेत्र पदाधिकारी नियुक्ति मुख्य परीक्षा 22-24 जनवरी, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी साक्षात्कार 29-31 जनवरी, यूनिवर्सिटी प्रोफेसर कम चीफ साइंटिस्ट साक्षात्कार 12 फरवरी, एसोसिएट प्रोफेसर कम सीनियर साइंटिस्ट साक्षात्कार 13 फरवरी, आयुर्वेदिक चिकित्सा पदाधिकारी लिखित परीक्षा 5 से 7 मार्च, होम्योपैथी चिकित्सा पदाधिकारी लिखित परीक्षा 5 से 7 मार्च, यूनानी चिकित्सा पदाधिकारी लिखित परीक्षा 5 से 7 मार्च, संयुक्त सिविल सेवा बैकलॉग परीक्षा-2025 प्रारंभिक परीक्षा 15 मार्च, संयुक्त सिविल सेवा बैकलॉग परीक्षा-2023 प्रारंभिक परीक्षा 22 मार्च, सहायक वन संरक्षक नियुक्ति मुख्य परीक्षा 4 से 7 अप्रैल, प्रोजेक्ट मैनेजर एवं समकक्ष नियुक्ति लिखित परीक्षा 18-19 अप्रैल, कारखाना निरीक्षक नियुक्ति लिखित परीक्षा 25-26 अप्रैल, ब्वायल इंसपेक्टर नियुक्ति लिखित परीक्षा 29-30 मई, सहायक निदेशक सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर बैकलॉग परीक्षा लिखित परीक्षा 7 जून व सहायक निदेशक सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर बैकलॉग परीक्षा लिखित परीक्षा 14 जून को आयोजित किये जायेंगे.

