उदित वाणी, रांची: झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल (जिफा) का छठा सीजन शनिवार को शुरू हो रहा है. यह महोत्सव रांची के एक प्रमुख स्थल पर आयोजित किया जाएगा. उद्घाटन समारोह दोपहर तीन बजे होगा, जिसमें राज्य के 400 से अधिक कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा.
कलाकारों की प्रस्तुति और झारखंडी परिधान की रैंप वॉक
इस आयोजन में झारखंड के पारंपरिक परिधान और कला-संस्कृति को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा. राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मॉडल झारखंडी परिधानों में रैंप वॉक करेंगे, जिससे झारखंड के झारक्राफ्ट उत्पादों को भी प्रमोट किया जाएगा. इसके अलावा, सुबह 10 बजे से चयनित फिल्मों का प्रदर्शन शुरू होगा, और सबसे पहले स्कूली बच्चों को फिल्म ‘मैरीकॉम’ दिखाई जाएगी.
ऊषा मंगेशकर का रांची आगमन
इस फिल्म महोत्सव में एक खास आकर्षण ऊषा मंगेशकर का रांची में आगमन भी होगा. वे शाम चार बजे रांची पहुंचेंगी और अपने कार्यक्रम से इस महोत्सव को चार चांद लगाएंगी.
असीम कुमार को मिलेगा लीजेंडरी मॉडल अवार्ड
फिल्म महोत्सव में जाने-माने बिजनेसमैन और मॉडल असीम कुमार को लीजेंडरी मॉडल के अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा. असीम कुमार की शिक्षा संत जेवियर स्कूल डोरंडा और संत जेवियर कॉलेज रांची में हुई थी. इसके बाद, उन्होंने बीआइटी मेसरा से मास्टर डिग्री हासिल की. राज्यपाल इस पुरस्कार को असीम कुमार को प्रदान करेंगे. असीम कुमार को पहले ही कई अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं. वे समाज सेवा, अंतरराष्ट्रीय मोटर बाइकिंग, मॉडलिंग, कविता और कुकिंग में गहरी रुचि रखते हैं.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।