
उदित वाणी, रांची : पूर्वी सिंहभूम समेत धनबाद, देवघर, खूंटी, गिरिडीह और जामताड़ा राज्य के छह जिलों में स्थित जिला अस्पतालों को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप [पीपीपी] मोड में मेडिकल कॉलेजों के रूप में अपग्रेड किया जायेगा. इस संबंध में नई दिल्ली में झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और लोकसभा सांसद विजय कुमार हांसदा ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार भेंट कर प्रस्ताव रखा. जबकि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री नडडा ने प्रस्ताव पर तत्काल सैद्धांतिक सहमति प्रदान की और सकारात्मक सहयोग का आश्वासन भी दिया. इसके बाद मंत्री सुदिव्य कुमार ने केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री से इन परियोजनाओं के लिए शीघ्र स्वीकृति एवं वित्तीय सहायता प्रदान करने का भी आग्रह किया. जिससे झारखंड में तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो सके और राज्य के नागरिकों को सुलभ एवं उन्नत चिकित्सा सुविधा प्राप्त हो सके.
सुदिव्य कुमार ने एक्स पर पोस्ट करके कहा कि उन्हें विश्वास है कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छूएगा और राज्य के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी. इधर नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान के प्रेक्षागृह में बुधवार को स्वास्थ्य सहियाओं के लिए उन्मुखीकरण का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य सहियाओं के जेन्डर बेस्ड वॉयलेंस और होम बेस्ड नीओनेटल केयर के बारे में बताया गया वहीं आरसीएच परिसर में स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जा रहा है. इस मेले में एनएचएम के कुल 43 स्टॉल लगाये गये हैं. जहां एलोपैथ और आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से मरीजों को स्वास्थ्य सलाह और निःशुल्क दवाइयाँ भी दी जा रही है. चिकित्सा शिविर में ईसीजी, बीपी, शुगर इत्यादि जांच भी किया जा रहा है.
