
उदित वाणी, रांची : कांग्रेस आलाकमान द्वारा राज्य सरकार में शामिल कांग्रेस कोटे के चारों मंत्रियों को नौ बिंदुओं पर आपस में बैठक कर सुझाव देने का निर्देश दिया गया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इस संबंध में पार्टी के चारों मंत्रियों वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर, ग्रामीण विकास सह ग्रामीण कार्य मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, स्वास्थ्य मंत्री डा इरफान अंसारी और कृषिमंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को उन नौ बिंदुओं के बारे में आधिकारिक जानकारी दे दी है. प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू को भेजे जानेवाले सुझावों को भेजा जायेगा.
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस पार्टी द्वारा राज्य में पेसा नियमावली की अधिसूचना जारी करने, मनरेगा के क्रियान्वयन में समस्याएं, केंद्र से राशि प्राप्त करने में अड़चनें, किसानों के ऋण माफी की योजना, सहकारिता को बढ़ावा देने की सरकार की रणनीति, स्वास्थ्य बीमा योजना के कार्यान्वयन, रिम्स के विस्तार एवं प्रस्तावित योजनायें, विधानसभा चुनाव घोषणापत्र में किए गए वायदों की पूर्ति की स्थिति, नगर निकाय चुनावों में पिछड़ा वर्ग के लिए सीटों का आरक्षण एवं 20 सूत्री कार्यान्वयन समितियों की कार्य प्रणाली से संबंधित ठोस रिपोट्र तलब की गई है.
