
उदित वाणी, रांची : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने मतदाता सूची में गहन पुनरीक्षण के दौरान मैपिंग के क्रम में मतदाताओं को उनके पैरेंट से ही मैप करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि एक भी योग्य मतदाता नहीं छूटे इसको को ध्यान में रखकर मैपिंग का कार्य करें. उन्होंने निर्वाचन सदन से सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, ईआरओ, एईआरओ एवं उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बताए गए नियमों के आधार पर ही निर्वाचन से संबंधित कार्य करें. मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के दौरान इन्यूम्यूरेशन फेज में कम से कम मतदाताओं को अपने दस्तावेज समर्पित करना पड़े.
इसके लिए अधिक से अधिक मतदाताओं का मैपिंग सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि गहन पुनरीक्षण के दौरान किए गए सभी कार्यों का डॉक्युमेंटेशन भी करें. इन दस्तावेजों को परमानेंट दस्तावेज के रूप में संधारित करना है. जिससे भविष्य में इन दस्तावेजों को आधार बनाकर कार्य किया जा सके. इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के दौरान होनेवाले सामान्य गलतियों एवं सही मैपिंग को जांचने के बिन्दुओं पर भी विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के कार्य में आने वाले सामान्य समस्याओं के बारे में भी बिंदुवार समीक्षा करते हुए उन पर बिंदुवार जानकारी पीपीटी के माध्यम से साझा किया. नजरी नक्शा बनाते समय नए घरों अथवा जिन घरों को कोई भी नंबर नहीं दिया गया है. उन्हें नोशनल नंबर देने के संबंध में भी जानकारी उपलब्ध कराई.

